गोरखपुर।
विवादों में घिरे इंस्पेक्टर अंजनी कुमार श्रीवास्तव पर एक बार फिर फरियादियों से बदसलूकी का आरोप लगा है। एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही इंस्पेक्टर से जुड़ी पुरानी सभी शिकायतों की फाइलें खोलने की तैयारी चल रही है। इंस्पेक्टर के हटने के बाद क्षेत्र के लोग भी एसएसपी के पास शिकायत लेकर पहुंचने लगे हैं। अभी दो दिन पहले ही उन्हें गोला के थानेदार पद से हटाया गया था।
गोला में अंजनी कुमार के थानेदार रहने के दौरान फरियादियों की लाइन लगवाकर रजिस्टर बनाने का मामला सामने आया था। इसकी शिकायत मिलते ही एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने उनकी थानेदारी छीनकर शिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बना दिया था। यहां आने के बाद भी इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं आया। दो दिन में ही फरियादियों से बदसलूकी की शिकायत सामने आ गई। एसएसपी ने इसपर उन्हें सस्पेंड कर दिया। एसएसपी के सख्त तेवर से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। कार्यभार संभालने के बाद से ही फरियादियों की शिकायत पर वह तत्काल एक्शन ले रहे हैं।