गोंडा/झंझरी। गोंडा-बहराइच मार्ग पर पड़री शंकर चौराहे के पास शुक्रवार को ट्रैक्टर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के इमरती विशेन गांव के गफ्फार पुरवा निवासी नसीब अली ने बताया कि उनका भतीजा आदिल (20) अपने चचेरे भाई नुरेन के साथ शुक्रवार दोपहर बाइक से दवा लेने पड़री शंकर चौराहे पर गया था। इसी दौरान बहराइच की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया और नुरेन को मामूली चोटें आईं।
दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। आदिल की हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।