पसका (गोंडा)। पंजाब में निजी कंपनी में नौकरी करने वाले गोंडा के युवक की लोडिंग वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। शनिवार को उनका शव पैतृक गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में त्रिमुहानी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सकरौर निवासी रिंकू सिंह ने बताया कि मरचौर के भया पुरवा निवासी धर्मपाल सिंह के पुत्र प्रद्युम्न सिंह उर्फ शिवम (26) पंजाब के पटियाला के निकट चीमा स्थित निजी कंपनी में नौकरी करते थे। बुधवार को वह लोडिंग वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को शिवम की मौत हो गई। शनिवार को शव पैतृक गांव मरचौर पहुंचा। शिवम दो भाइयों में बड़े थे। छोटे भाई प्रफुल्ल स्नातक की पढ़ाई करने के साथ ही पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाते हैं। शिवम की मौत से मां नीलम, बहन दामिनी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।