विश्नोहरपुर/नवाबगंज। रोजी-रोटी की तलाश में गुजरात गए गोंडा के एक युवक की फैक्टरी में बॉयलर फटने से मौत हो गई। हादसे में उसका चचेरा भाई झुलस गया, जिसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दत्तनगर ग्राम पंचायत के बैसिया मजहनपुरवा निवासी दिवाकर यादव (18) करीब छह माह पहले नौकरी करने गुजरात गए थे। परिवार के अन्य सदस्य और गांव के लोग पहले से वहां काम करते हैं। रविवार सुबह 10 बजे गुजरात के मोरबी जिले में स्थित फैक्टरी में काम के दौरान अचानक बॉयलर फट गया। इसकी चपेट में आने से दिवाकर की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ काम कर रहे चचेरे भाई चिंटू यादव गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की जानकारी फैक्टरी में कार्यरत चचेरे भाई मुकेश यादव ने फोन पर परिजनों को दी। परिजन शव लेने गुजरात रवाना हो गए हैं। अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जाएगा।