फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: छोटे भाई की पत्नी को पीटकर मार डाला

Tue, 10 Dec 2024 11:17 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
नीलम की फाइल फोटो।
विज्ञापन
झंझरी/मोतीगंज/गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के पूरेतिवारी सरैंया में सोमवार दोपहर बच्चों के विवाद में जेठ-जेठानी व अन्य ने छोटे भाई की पत्नी की ईंट-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे एसपी, एएसपी और सीओ ने परिजनों से पूछताछ की है। वहीं, पीड़ित की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है। जेठानी, उसकी बेटी व बहू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
विज्ञापन

फर्नीचर कारीगर मंशाराम सोनकर सोमवार सुबह सब्जी मंडी के पास अपनी दुकान पर गए थे। पत्नी नीलम (45), बेटी रीमा (16), शिवांशी (07) व प्रियांशु (02) घर में थीं। वहीं, उनका बेटा अंकित (12) घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत गया था। दोपहर करीब 12:30 बजे मंशाराम की छोटी बेटी प्रियांशु और उनके बड़े भाई गौरीशंकर का पौत्र राज (03) घर के बाहर खेल रहे थे। बेटी रीमा ने बताया कि प्रियांशु ने गलती से राज की गेंद उठा ली। इस पर गौरीशंकर, उसकी पत्नी सोमाना देवी, बहू प्रेमपता और बेटी वंदना झगड़ा करने लगे। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। आरोपियों ने नीलम के सिर पर ईंट व डंडे से हमला कर दिया। बचाने दौड़ी बेटी रीमा को भी चोटें आईं हैं। गंभीर चोटें आने से नीलम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस नीलम को मेडिकल कॉलेज ले गई। जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हत्या की सूचना पर एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी मनोज कुमार रावत व सीओ सिटी सौरभ वर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, नगर कोतवाल संतोष कुमार मिश्र पुलिस फोर्स के साथ मेडिकल कॉलेज में मुस्तैद रहे। उन्होंने मृतका नीलम के पति व बेटी से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लिया गया। मौके से ईंट व डंडे बरामद किए गए हैं। देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सोमाना देवी, उसकी बहू प्रेमपता और बेटी वंदना को हिरासत में लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन


पिता की जमीन को लेकर भाई से रखता है रंजिश
पीड़ित मंशाराम ने बताया कि पिता गयाप्रसाद के नाम पर साढ़े चार बीघा जमीन थी। करीब 12 साल पहले मां की मौत के बाद पिता गयाप्रसाद उनके साथ ही रह रहे थे। चार महीने पहले पिता गयाप्रसाद ने अपने हिस्से की जमीन मंशाराम की पत्नी नीलम के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर बड़े भाई गौरीशंकर व उनके परिजन रंजिश रख रहे थे। कई बार झगड़ा भी कर चुके थे। मामले में न्यायालय में मुकदमा भी दायर किया था। गौरीशंकर का बेटा सुरेंद्र मुंबई में रहता है।


बेटी के सामने ही मां की हत्या

गोंडा। घटना के वक्त घर में सिर्फ नीलम, उनकी बेटी रीमा, शिवांशी और प्रियांशु ही थीं। पिटाई से नीलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीनों बेटियां गांव के लोगों से मां को अस्पताल ले जाने की गुहार लगाती रहीं। मगर, सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस के पहुंचने तक कोई आगे नहीं आया। बेटी रीमा ने बताया कि उसने सोचा भी न था कि मामूली विवाद में उसकी बड़ी मां समेत परिजन ही मां नीलम को जान से मार देंगे। बेटी ने बताया कि आरोपियों के सिर पर खून सवार था। सिर पर ईंट से हमला किया तो पेट और कमर पर लाठी से ताबड़तोड़ वार करते रहे। ऐसे में आरोपियों के हमले से मां जमीन पर गिर गईं। इसके बाद भी पीटते रहे। मौत के बाद सभी आरोपी घर से भाग गए। मेडिकल कॉलेज में बेटी रोती रही। सिर से मां का साया उठने के बाद पति मंशाराम उसे संभाले थे। बेटा अंकित भी बहनों को जैसे-तैसे संभालता रहा। पति, मासूम बेटियों व बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। पति मंशाराम ने बताया कि 15 दिन पहले ही फर्नीचर की दुकान खोलने की तैयारी की थी। सोमवार को पहले दिन दुकान पहुंचा था। भाई व उसके परिजनों को अच्छा नहीं लगा। पत्नी नीलम को मौत के घाट उतार दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें