करनैलगंज। नरायनपुर माझा गांव में मंगलवार रात भूमि विवाद में एक युवक की खेत में चाकू से गोद हत्या कर दी गई। शोर सुनकर भाई बचाने पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी लहूलुहान कर दिया। परिजनों ने गांव के एक परिवार के पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नरायनपुर माझा के मजरा दूबे पुरवा गांव में शिवशंकर उर्फ लल्ला दुबे (32) और उनके भाई अमरनाथ मंगलवार देर रात खेत में बोरिंग इंजन से पानी लगा रहे थे। पिता देवीदयाल दुबे ने बताया कि जमीन के विवाद में गांव के ही छतरबली दुबे व उनके चार बेटों सुनील, विनोद, धर्मेंद्र और रवींद्र ने उसके बेटे शिवशंकर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। शिवशंकर पर चाकू से करीब 15 से 20 वार किए गए। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर भाई अमरनाथ बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। जब तक ग्रामीण मौके पर जुटते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। आननफानन अमरनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया।
उधर, वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी राधेश्याम राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी ने बताया कि जमीन की रंजिश में युवक की हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
घटना से घर कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप और परिजन बदहवास हैं। शिवशंकर के तीनों बच्चे सौरभ (12), शिवांश (10) और लक्ष्मी (8) बार-बार यही पूछ रहे हैं कि पापा कब आएंगे?। घर के आंगन में चीख-पुकार थमने का नाम नहीं ले रही।
गांव में सन्नाटा, पुलिस का पहरा
वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हमलावरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।