गोंडा। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खजुरिया के मजरा निदान पुरवा में मंगलवार सुबह बाग में जबरन रास्ता निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने सुनियोजित तरीके से दूसरे पक्ष के लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई और उसका रिश्ते का चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी करनैलगंज में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है। मामले में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है।
करनैलगंज के ग्राम खजुरिया के मजरे निदान पुरवा निवासी नंदलाल अवस्थी के बाग से गांव के ही ब्रह्मादीन कुरील रास्ते की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट व लाठी-डंडे चलने लगे। ब्रह्मादीन के पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकुओं से हमला कर दिया। इससे नंदलाल अवस्थी के पुत्र मंशाराम अवस्थी (26) और परिवार के ही रूप नारायण के पुत्र बबलू अवस्थी (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉ. इमरान मोईद ने मंशाराम को मृत घोषित कर दिया। उसके सीने, पीठ व कनपटी पर चाकू के घाव थे। डॉक्टर के मुताबिक सीने पर चाकू लगने और अधिक रक्तस्राव होने से मंशाराम की जान चली गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल बबलू अवस्थी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। बबलू की गर्दन, कान व दाहिने हाथ में चाकू के गहरे जख्म हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज पुलिस की टीम सीएचसी पहुंची और मंशाराम का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि नंदलाल अवस्थी की तहरीर पर ब्रह्मादीन कुरील, उसके पुत्र मुन्ना, सुरेश, मुकेश तथा बाबादीन, लक्ष्मी पत्नी सुरेश व सुंदरपति पत्नी ब्रह्मादीन के विरुद्ध मारपीट, गालीगलौज, जानलेवा हमला, हत्या तथा क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है।
ब्रह्मादीन कुरील ने दो दिन पहले रविवार को मंशाराम अवस्थी, बबलू अवस्थी, अंकित व सूरज के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी विवेचना सीओ करनैलगंज कर रहे हैं। आरोप है कि इससे भी मन नहीं भरा तो आरोपियों ने मंसाराम की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी।
नंदलाल के चार पुत्रों में मंशाराम सबसे छोटा था। वह अविवाहित था। नंदलाल के सबसे बड़े पुत्र वीरेंद्र अवस्थी की दो माह पहले तालाब के पानी में उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। अब उनके दो पुत्र रामू अवस्थी व विष्णु अवस्थी बचे हैं। मंशाराम की हत्या से उसकी मां माया देवी, भाभी प्रीति और मैना देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राधेश्याम राय, सीओ डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह व कोतवाल श्रीधर पाठक पुलिस बल के साथ सीएचसी पहुंचे। वहां घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस अधिकारी सीधे घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों व आसपास के लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।