परसपुर। एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा मजदूर सरिया उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चरसड़ी में एक व्यक्ति के यहां मकान का निर्माण हो रहा था। अपनी ससुराल में रहकर मजदूरी कर रहा मारूफ (38) सोमवार को दूसरी मंजिल पर काम कर रहा था। लोहे का सरिया उतारते समय वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
लोगों ने सूखी लकड़ी से उसे किसी तरह सरिया से अलग किया। करंट से छूटते ही वह नीचे गिरने लगा, लेकिन लोगों ने उसे संभाल लिया। एंबुलेंस से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन कस्बे के ही एक निजी अस्पताल में मारूफ का इलाज करा रहे हैं।