नवाबगंज (गोंडा)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने गुरुवार की देर शाम एक विवाहिता को मारकर फंदे से लटका दिया। विवाहिता के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में विवाहिता के पिता ने थाना नवाबगंज में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गोरथानिया खानपुर गांव निवासी गोली वर्मा पुत्र तिलकराम वर्मा ने थाना नवाबगंज में शुक्रवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी रीना देवी (23) का विवाह वर्ष 2017 में नवाबगंज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के रहने वाले रामफेर वर्मा के बेटे दीनदयाल वर्मा के साथ किया था। विवाह में दान दहेज भी दिया था। मगर ससुराल वाले और दहेज की मांग को लेकर रीना देवी को अक्सर प्रताड़ित किया करते थे।
गोली वर्मा ने बताया कि गुरुवार की शाम ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मारकर घर के अंदर छत के हुक से फंदे पर लटका दिया। गोली वर्मा ने बताया कि ससुराल वालों ने बेटी की हत्या करने के बाद उन्हें झूठी सूचना दी कि उसकी बेटी को सांप ने काट लिया है। जिससे उसकी मौत हो गई। गोली वर्मा ने थाना नवाबगंज में पति दीनदयाल वर्मा, जेठ राजू, ससुर रामफेर व सास जशोधरा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रीना के पिता गोली वर्मा की तहरीर के आधार पर पति दीनदयाल वर्मा, जेठ राजू, सास जशोधरा, ससुर रामफेर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।