गोंडा। जिले में लगातार तीन दिनों से कोरोना के मरीज सामने आने पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार की शाम को 13 सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें 3 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। इसमें शहर के रानीबाजार से एक और मरीज मिला है। शहर में अब मरीजों की संख्या दो हो गई है। इसके अलावा कटरा बाजार क्षेत्र के मुजेहना ब्लॉक का एक मरीज है। सभी क्वारंटीन थे और शाम को अस्पताल में भर्ती किए गए। तीन दिनों में 15 नए मरीजों के सामने आने के बाद प्रशासन ने निगरानी और सख्त कर दी है। हर गांव में बनाई गई 10 सदस्यीय निगरानी समिति के 10 हजार सदस्यों के साथ ही तीन हजार आशा गावों में बाहर आ चुके एक लाख 32 हजार प्रवासियों के स्वास्थ्य पर नजर रखेंगी।
शुक्रवार को देर शाम आई रिपोर्ट के बाद जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है। इसमें 33 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं और अब 30 कोविड अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। इसके अलावा गुरुवार की देर रात आई 100 लोगों की सैंपल जांच में पांच कोरोना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन सतर्क हो गया है। इसके पहले बुधवार को दो चरणों में आई रिपोर्ट में पांच कोरोना मरीज सामने आए थे। मंगलवार को भी दो कोरोना मरीज सामने आए, लगातार तीन दिनों में 15 नए कोरोना मरीजों के सामने आने से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है और अब हर दिन 100 या इससे अधिक सैंपल जांच के लिए भेजने की मुहिम शुरू की है।
कोरोना संकट जिले में लगातार पांव पसार रहा है, तीन दिनों से लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। इसमें कई मरीज ऐसे सामने आए हैं जो होम क्वारंटीन थे। ऐसे में उनके सपंर्क में आए लोगों की पहचान के साथ ही गांव के लोगों की जांच कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 66 मरीज सामने आए हैं और राहत भरी बात यह है कि 33 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इन सभी को घर पर ही क्वारंटीन रहने को कहा गया है। इसके अलावा 26 मरीजों को लेवल वन अस्पताल पंडरी कृपाल और एक मरीज को लेवल टू में रखा गया है। महिला होने के कारण उसे सुविधा दी गई है। इस तरह जिले में मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी इजाफा हुआ है। लेकिन तीन दिनों में 15 मरीजों के सामने आने से सतर्कता बरतने का प्रयास किया जा रहा है, आम लोगों से भी अपील की गई है कि बेवजह बाहर ने घूमें। सभी को सर्तक रहने की जरुरत है। गावों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
मरीज तो मिला लेकिन गांव में नही पहुंची टीम
कटरा बाजार के गौरवा जानीपुर से एक मरीज सामने आया था। गांव में लोग सहमे हुए थे लेकिन शुक्रवार को पूरे दिन कोई टीम गांव में नही पहुंची। इसी ब्लाक के खैरी गांव में टीम गई थी, जहां से चार लोगों को क्वारंटीन किया गया है। गौरवा जानीपुर गांव में टीम के न जाने और वहां हॉटस्पॉट न होने से लोग सहमे रहे। बताया जा रहा है कि गौरवा गांव के एक युवक में कोरोना पॉजिटिव मिला था और गांव में वह आया भी था। ऐसे में लोगों को गांव में सतर्कता की उम्मीद थी।
अब तक क्षेत्र के नौ गांवों के लोगों की आई है पॉजिटिव रिपोर्ट
खरगूपुर (गोंडा)। क्षेत्र में युवक के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर लोग सहमे हुए है। स्थानीय सीएचसी अंतर्गत अलग अलग गांवों में अब तक नौ लोगों में कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की पुष्टि हो चुकी है। गुरुवार देर रात आयी जांच रिपोर्ट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगूपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पिरवरतारा का एक 40 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। खरगूपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी शुक्ल ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक 25 मई को मुंबई से ट्रेन से घर आया था। उक्त युवक घर पहुंचने के बाद सीएचसी खरगूपुर जांच कराने आया। जहां पर उसमें कोरोना के कुछ लक्षण दिखने पर उसे सैंपलिंग के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया गया। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग के बाद उनको वहीं क्वारंटीन करा दिया गया था। रिपोर्ट आने के बाद वह युवक पॉजिटिव पाया गया। जिसे लेवल-1 अस्पताल पड़री कृपाल में भर्ती कराया गया है।