तरबगंज। सीएचसी में जांच के लिए आई 35 वर्षीय महिला से छेड़खानी व तीमारदार की पिटाई करने के मामले में सुलह-समझौते के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से पीड़ित पक्ष पर ही एफआईआर दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने बृहस्पतिवार को आईजी, डीएम व एसपी से शिकायत की है।
पीड़िता ने बताया कि बीते 13 नवंबर को वह अपने भतीजे के साथ जांच कराने सीएचसी गई थी। वहां एक कर्मचारी ने अभद्रता व अश्लील हरकत की। विरोध पर कर्मचारी व उसके एक सहयोगी ने महिला के भतीजे को पीट दिया। घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई। इसके बाद भतीजे को दवा वितरण कक्ष में बंद करके दोबारा पीटा गया। पीड़िता का कहना है कि उसी दिन थाने और जनसुनवाई एप पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एफआईआर नहीं दर्ज हुई।
महिला का आरोप है कि घटना के बाद कई दिन तक उनके परिजनों पर सुलह के लिए दबाव बनाया गया। इसके लिए कई लोगों ने फोन करके धमकाया, जिसकी रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। इसके बावजूद आरोपी पक्ष की तहरीर पर उनके भतीजे के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज की गई है।