गोंडा। रोडवेज बस में सीट को लेकर यात्री और परिचालक के बीच हुआ विवाद शुक्रवार को बस अड्डे पर चक्का जाम का कारण बन गया। चालक-परिचालकों ने विरोध में बस सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे करीब आधे घंटे तक रोडवेज सेवाएं प्रभावित रहीं। बस अड्डे के बाहर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस और रोडवेज अधिकारियों ने समझा बुझाकर पर मामला शांत कराया, तब जाकर बसों का संचालन सामान्य हो सका।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एक यात्री और रोडवेज बस के परिचालक के बीच सीट को लेकर कहासुनी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई। कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखाध्यक्ष रवि प्रताप मिश्र का आरोप है कि यात्री को छोड़ दिए जाने से चालक-परिचालकों में नाराजगी फैल गई। विरोध स्वरूप उन्होंने सड़क पर बस खड़ी कर चक्का जाम कर दिया। रोडवेज के एआरएम आयुष भटनागर ने कहा कि सूचना मिलते ही अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।