गोंडा। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण स्टेडियम में जलभराव व कीचड़ हो गया है। जगह-जगह पानी भरने से एथलेटिक्स, क्रिकेट, हॉकी समेत अन्य खेलों का अभ्यास प्रभावित हो रहा है। स्टेडियम में लाखों रुपये के काम तो करा दिए गए, लेकिन जलभराव की समस्या दूर नहीं हो सकी है। इस वजह से बारिश के मौसम में खिलाड़ी नियमित अभ्यास से वंचित हो रहे हैं।
उतरौला रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। मैदान में अभ्यास करने वाले एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का कहना है कि ट्रैक नहीं होने की वजह से बारिश होने पर अभ्यास ठप हो जाता है। ऐसे में उन्हें अपनी फिटनेस बनाए रखने के लिए जिम का सहारा लेना पड़ता है। स्थिति यह है कि स्टेडियम में जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से परेशानी होती है।
खिलाड़ी कन्हैया ने बताया कि अभ्यास बाधित होने से उनकी तैयारी प्रभावित होती है। बारिश की वजह से पिछले सप्ताह भी अभ्यास को स्थगित करना पड़ा। एथलीट संजय ने बताया कि स्कूल के बाद वह अभ्यास करने स्टेडियम आते हैं, लेकिन मानसून के समय उनका अभ्यास नियमित नहीं हो पाता है। उप क्रीड़ाधिकारी अशोक सोनकर ने बताया कि बैडमिंटन हाॅल, बाउंड्रीवाल और स्वीमिंग पूल का निर्माण चल रहा है। बारिश की वजह से जलभराव हो जाता है। हालांकि इससे प्रशिक्षण में ज्यादा दिक्कत नहीं होती है।