गोंडा। नगर पालिका के 27 वार्डों में तीन दिनों से जलापूर्ति बंद होने से पानी के लिए हाहाकार मचा है। शहर के मुख्य मार्गों के दोनों ओर 13.06 किलोमीटर पाइपलाइन डाली गई थी। पाइप लाइन बिछाने का काम पूरा होने पर मुख्य पाइप लाइन से इंटर कनेक्शन के चक्कर में 1.32 लाख घरों के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। नगर पालिका ने जल्द ही जलापूर्ति का दावा किया है। लोगों के घरों तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची। इस भीषण गर्मी में पानी न मिलने से लोग मोहल्ले व कॉलोनी में लगे हैंडपंप के सहारे हैं।
नगर पालिका परिषद ने दो साल पहले शहर में 60 साल पहले डाली गई पाइप लाइन को डैमेज बताकर नई पाइपलाइन का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। दो साल पहले अमृत योजना के तहत शहर के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैय्या कराने के लिए 3.97 करोड़ की लागत से नई पाइप लाइन बिछाने के लिए मंजूरी दी थी। पाइप लाइन बिछाने का काम कार्यदायी संस्था जलनिगम को दिया गया था। जुुलाई 2021 में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया। लेकिन समय से पूरा नहीं कर सकी। ईद त्योहार के बाद मेन पाइप लाइन से इंटर कनेक्शन कराना तय किया गया था। तीन मई के बाद इंटर कनेक्शन का काम शुरू होना था। जलनिगम की लेटलतीफी के चक्कर में अभी तक इंटर कनेक्शन नहीं हो सका।
पालिका कर्मियों ने शहर के दुखहरनाथ मंदिर के पास इंटर कनेक्शन का काम शुरू किया। कनेक्शन करते समय पाइप फट गया। पिछले तीन दिनों से शहर के 27 वार्डों के 33 मोहल्लों में रहने वाले 1.32 लाख लोगों के घरों की जलापूर्ति बंद है। लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। नगर पालिका ने लोगों के घरों तक जल्द से जल्द पानी पहुंचाने का दावा किया है।
नगर पालिका ने पांच जोन मेें बांटे 27 वार्ड
नगर पालिका परिषद ने पानी की आपूर्ति के लिए शहर के 27 वार्डों को पांच जोन में बांटा है। इसमें जोन-एक, जोन दो, जोन तीन, जोन चार व जोन पांच बनाए गए हैं। इससे एक जोन की आपूर्ति बाधित होने पर अन्य जोन में पड़ने वाले मोहल्लों व कॉलोनियों में जलापूर्ति बाधित नहीं होगी। पाइप लाइन में कहीं भी लिकेज होने पर उसे ठीक करने के दौरान पूरे शहर के जलापूर्ति बाधित होती थी। नई व्यवस्था में प्रत्येक जोन में पांस से छह वार्डों को शामिल किया गया है। जोन बंटने से लोगों को राहत मिलेगी।
15 दिनों तक पानी की आपूर्ति में आएगी रुकावट
मेन पाइप लाइन से इंटर कनेक्शन के चक्कर में 15 दिनों तक पानी की आपूर्ति में रूकावट आएगी। अभी और चार स्थानों पर इंटर कनेक्शन का काम होना है। दुखहरनाथ मंदिर के बाद जलकल चौराहा, एलबीएस चौराहा, आंबेडकर चौराहा व पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोड़ के पास भी इंटर कनेक्शन का काम होना है। जो आने वाले 15 दिनों तक चलेगा। इससे जलापूर्ति में रूकावट आएगी।
कांशीराम कॉलोनी के लोगों को राहत
नगर पालिका की पाइप लाइन के इंटर कनेक्शन के दायरे से शहर की आवास विकास कालोनी द्वितीय व पांच कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लोगों को राहत मिलेेगी। यहां की आबादी के लोगों को पानी की आपूर्ति मिल रही है। यहां के लोगों को पानी के लिए तरसना नहीं होगा।
नई पाइपलाइन से इंटर कनेक्शन का काम चल रहा है। इसी वजह से शहर के 27 वार्डों में जलापूर्ति बाधित है। जल्द लोगों के घरों तक पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। पीयूष यादव, जलकल प्रभारी, नगर पालिका परिषद गोंडा