इटियाथोक। दो दिन से कोहरे का कहर जारी है। मंगलवार को घने कोहरे के चलते खरगूपुर में महराजगंज मार्ग पर संझवल गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार चौकीदार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
खरगूपुर के जमुनही हरदोपट्टी गांव निवासी गुलजार ने बताया कि सहीद शाह (43) बलरामपुर चीनी मिल में चौकीदार थे। मंगलवार सुबह वह ड्यूटी पर जाने के लिए हेलमेट लगाकर बाइक लेकर घर से निकल थे। आर्यनगर-महराजगंज मार्ग पर संझवल गांव के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लग गई। इससे सहीद की मौके पर ही मौत हो गई और चालक वाहन लेकर भाग निकला। सहीद के परिवार में पत्नी अतीकुननिशा, बेटा गुलजार व विवाहित पुत्री रूकसाना हैं। मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि सहीद ड्यूटी करने बलरामपुर चीनी मिल जाते समय हादसे का शिकार हुए हैं।