फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: कागजों में भरे गोदाम, हकीकत में भटक रहे किसान

Sat, 08 Aug 2026 11:04 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
इटियाथोक/धानेपुर (गोंडा)। सरकारी अफसरों के तमाम दावों के बीच क्षेत्र की सहकारी समितियों पर किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी और सहकारिता विभाग जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता बता रहे हैं, लेकिन समितियों पर स्थिति इसके उलट है। कहीं एक सप्ताह से खाद का वितरण बंद है तो कहीं स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। कुछ समितियों पर थोड़ी खाद बची होने के बावजूद किसानों की भीड़ के कारण वितरण रोक दिया गया है। इससे किसानों की फसलों को समय पर खाद नहीं मिल पाने की चिंता बढ़ गई है।
विज्ञापन


साधन सहकारी समिति जानकीनगर : एक सप्ताह से लटका ताला

शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे साधन सहकारी समिति जानकीनगर पर ताला लटका मिला। खाद लेने पहुंचे किसान रामबरन मौर्य ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से यहां यूरिया का वितरण नहीं हुआ है। इससे क्षेत्र के किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। समिति अध्यक्ष निर्मल तिवारी ने बताया कि सात दिन से खाद उपलब्ध नहीं है। स्टॉक मिलते ही वितरण शुरू किया जाएगा। साधन सहकारी समिति इटियाथोक और हर्रेयाझूमन पर भी शनिवार को खाद का वितरण नहीं हुआ। सचिव जमशेद खान ने बताया कि शुक्रवार को वितरण किया गया था। अब नया आवंटन मिलते ही किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

बी-पैक्स धानेपुर : स्टॉक शून्य, सोमवार तक इंतजार

शनिवार सुबह करीब 10 बजे किसान राजमणि वर्मा, कुंवर बहादुर समेत कई किसान खाद लेने बी-पैक्स धानेपुर पहुंचे, लेकिन समिति बंद मिली। किसानों ने बताया कि आसपास की किसी भी समिति पर खाद नहीं मिल रही है। धान और गन्ने की फसल में इस समय यूरिया की जरूरत है। समिति सचिव रामभवन ने बताया कि स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। सोमवार तक नई खेप आने की संभावना है।
विज्ञापन


साधन सहकारी समिति त्रिलोकपुर : 40 बोरी बची, वितरण रोकना पड़ा

दोपहर करीब एक बजे पहुंचे किसान सनातन तिवारी और धनीराम ने बताया कि खाद नहीं मिलने से खेतों का काम प्रभावित हो रहा है। सचिव अशोक ने बताया कि समिति में करीब 40 बोरी यूरिया बची है। किसानों की भीड़ को देखते हुए वितरण रोक दिया गया है। मंगलवार तक पर्याप्त स्टॉक मिलने के बाद वितरण शुरू किया जाएगा। माधोगंज समिति पर भी शनिवार को खाद नहीं बांटी गई। सचिव दिवाकर तिवारी ने बताया कि एक हजार बोरी यूरिया की मांग भेजी गई है। सोमवार तक खाद उपलब्ध होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें