गोंडा। सड़क की पटाई कराए बिना ही श्रमिकों के खातों में पैसा भेजे जाने की जानकारी पर हीरापुर शाहपुर के ग्रामीणों ने विरोध जताया है। प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने डीएम को पोर्टल के माध्यम से पत्र भी भेजा है।
विकास खंड करनैलगंज अंतर्गत ग्राम हीरापुर शाहपुर में बिना सड़क की पटाई कराए ही श्रमिकों के खाते में धन भेजने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यहां शीशामऊ खड़ंजा मार्ग से काली माता स्थान तक सड़क की पटाई दिखाकर 90 हजार रुपये व कृष्ण कुमार के बाग से कंजेमऊ संपर्क मार्ग तक सड़क की पटाई दिखाकर 70 हजार 350 रुपये का फर्जी भुगतान श्रमिकों के खाते में कर दिया गया है।
इसकी जानकारी होने पर रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन व जमकर नारेबाजी करके विरोध जताया। साथ ही सामूहिक रूप से पोर्टल के माध्यम से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि यदि चार दिवस के अंदर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो पांचवें दिन से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया जाएगा। यहां तैनात रोजगार सेवक अंगूरा देवी ने बताया कि बीते वर्ष ग्राम विकास अधिकारी फर्जी मनरेगा श्रमिकों के नाम का मास्टर रोल बनाने का दबाव बनाने लगे थे।
मना करने पर स्वयं के हस्ताक्षर से श्रमिक मांग पत्र तैयार करके मास्टर रोल जारी करवाकर भुगतान करने लगे। इसकी उसने अधिकारियों से भी शिकायत की मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में ग्राम विकास अधिकारी शिशिर कुमार सिंह से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर उनका फोन नहीं उठा।
ग्राम पंचायत के प्रशासक विजय मिश्रा ने बताया कि 74 ग्राम पंचायतों के साथ विभाग का भी कार्य देखना पड़ रहा है। इसलिए ग्राम पंचायतों के हर कार्य की जानकारी कर पाना संभव नहीं है। फिर भी प्रकरण की स्वयं जांच करूंगा, यदि शिकायत सही मिली तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई अवश्य होगी।