सीएचसी रुपईडीह के कहीं और शिफ्ट किए जाने के विरोध में बुधवार को क्षेत्रीय लोगों ने सीएचसी पर प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर सीएचसी को कहीं और ले जाया जाता है तो वह इसके विरोध में आंदोलन करेंगे।
विकासखंड रुपईडीह में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कई साल पहले स्वास्थ्य विभाग ने की थी। यहां दूरदराज से लोग इलाज कराने के लिए आते-जाते हैं। सीएचसी चूंकि रोड से सटा है इससे लोग आसानी से यहा पहुंच जाते हैं।
जबकि आर्यनगर कस्बे में जहां यह सीएचसी है, वह अपने आप में एक बाजार भी है। जहां से एक लाख आबादी को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया होती रहती हैं। जिसके खरगूपुर में शिफ्ट किए जाने से नाराज क्षेत्रीय लोगों ने बुधवार को सीएचसी पर प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि इस सीएचसी को कहीं और ले जाया जाता है तो वह इसके विरोध में आंदोलन करेंगे।
लोगों का कहना है कि इसी सीएचसी को उच्चीकृत किया जाए। ताकि यहां से लोगों को स्वास्थ्य की अन्य तमाम सेवाओं का लाभ मिल सके। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक को एक पत्र दिया है।
सीएचसी अधीक्षक डा. सुरेश चन्द्रा ने बताया कि स्थानीय जनता की मांगों से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। पत्र देने वालों में रामआशीष, अभिताज पाठक, विजय कुमार, संजीव मिश्र, जगदेव प्रसाद, राजेश मिश्र, अनिल कुमार शामिल थे।