फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: रास्ते के विवाद में ग्रामीण की हंसिये से हत्या

Fri, 17 Apr 2026 11:43 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
ग्रामीण की हत्या के बाद गमगीन परिजन।
विज्ञापन
बालपुर। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बमडेरा डीहा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों में झड़प हो गई। बवाल में रेहड़ी दुकानदार की हंसिये से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात में दोनों पक्षों के तीन लोग घायल हुए हैं। हमलावर भी गंभीर रूप से जख्मी है। गांव में तनाव है। कई थानों की पुलिस पहुंच तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन

गांव निवासी अन्नू कुमार चौबे (54) की पंजाब के लुधियाना में चाय-पकौड़े की दुकान थी। कुछ दिन पहले ही गेहूं कटाई के लिए वह गांव लौटे थे। शुक्रवार की शाम वह खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 200 मीटर दूर हनुमान मंदिर के पास गांव के ही राम सिंगार शुक्ला ने उन्हें अपनी जमीन से जाने से रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मारपीट होने लगी।
शोर सुनकर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान राम सिंगार ने हंसिया से अन्नू पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बचाव में पहुंचे उनके बड़े भाई परमानंद चौबे और भतीजे दिलीप चौबे भी घायल हो गए। मारपीट के दौरान राम सिंगार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी कटरा बाजार ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि घटना रास्ते के विवाद में हुई है। तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान घटना हुई है। जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुका था विवाद
परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था। राम सिंगार के सेफ्टी टैंक का पानी अन्नू के घर की ओर बहता था, जिसका वह विरोध करते थे। इसको लेकर कई बार विवाद और झगड़ा भी हो चुका था। हालांकि बाद में पानी रोकने के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन मनमुटाव बना रहा। यह मामला थाने तक नहीं पहुंचा था। बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने मामले में पंचायत कर सुलह करा दिया था।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
अन्नू चौबे की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी शिवकुमारी बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। चांदनी, खुशबू, रवि व अंकित चौबे के आंसू नहीं थम रहे थे। घटना की सूचना के बाद आसपास कई गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीण की हत्या के बाद गमगीन परिजन।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें