जानकीनगर में कुष्ठ सेवा केंद्र के पास स्थित अजय श्रीवास्तव का मकान। - संवाद
गोंडा। पयागपुर के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई अजय श्रीवास्तव के शहर के जानकीनगर स्थित मकान पर सोमवार सुबह एक बार फिर अयोध्या की विजिलेंस टीम ने छापा मारा। सुबह करीब आठ बजे तीन वाहनों से पहुंची आठ सदस्यीय टीम शाम तक अजय के मकान में छानबीन करती रही। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा जा रहा है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान के अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
विजिलेंस की यह कार्रवाई पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव और उनके भाई अजय श्रीवास्तव के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामलों तथा एनआरएचएम घोटाले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। टीम के किसी भी सदस्य ने मीडिया से कार्रवाई के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की। टीम के सदस्य गोपनीयता का हवाला देकर बातचीत से बचते रहे।
20 अगस्त को सील किया गया था मकान
20 अगस्त को अयोध्या की विजिलेंस टीम ने अजय श्रीवास्तव के इसी मकान पर छापा मारा था। उसी समय मकान को सील कर दिया गया था। साथ ही एक नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें एक सप्ताह के भीतर दोबारा कार्रवाई किए जाने की बात कही गई थी। इसी नोटिस के बाद सोमवार को विजिलेंस टीम फिर मकान पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि पिछली कार्रवाई के दौरान टीम को करोड़ों रुपये की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले थे। अब उन दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की जांच के लिए टीम दोबारा मकान में पहुंची है।
जून में जेल भेजे गए थे पूर्व विधायक
एनआरएचएम घोटाले से जुड़े मामले में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को बीते जून माह में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, बाराबंकी स्वास्थ्य विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात उनके भाई अजय श्रीवास्तव के खिलाफ भी आय से अधिक संपत्ति को लेकर विजिलेंस में मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।