गोंडा। पावर कॉर्पोरेशन में तैनात एक अधिशासी अभियंता का महिला कर्मचारी के साथ वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो को लखनऊ के एक होटल का बताया जा रहा है। वायरल पोस्ट में महिला को अधिकारी की पूर्व सहकर्मी बताते हुए कई तरह के दावे किए गए हैं। हालांकि, वीडियो की तारीख, स्थान और पोस्ट में किए गए दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि महिला के पति ने पुलिस की मदद से दोनों को होटल में पकड़ा था। वीडियो वायरल होने से विद्युत विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंता से इस संबंध में जानकारी ली। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि वायरल वीडियो बांदा में उनकी तैनाती के समय का है। वीडियो को मौजूदा संदर्भ में गलत तरीके से प्रस्तुत कर वायरल किया जा रहा है।
मुख्य अभियंता ने बताया कि प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों की जानकारी की जा रही है। संबंधित अधिकारी का पक्ष भी लिया गया है। सोशल मीडिया पर किए जा रहे अन्य दावों की पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।