गजेंद्र को समझातीं एसओ अनीता यादव व अन्य पुलिसकर्मी। स्रोत: वीडियोग्रैब
गोंडा। नींद, ब्लड प्रेशर व अन्य बीमारियों की 250 गोलियां खाकर जान देने वाले बजाज चीनी मिल के फिटर गजेंद्र कुमार सिंह का सोमवार को एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इसमें वह पुलिस से इंसाफ मांगते नजर आ रहे हैं। कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं और मिल परिसर में ही पुलिस समझा-बुझाकर समझौते का प्रयास कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक मिनट 48 सेकंड के वीडियो में मोतीगंज इंस्पेक्टर अनीता यादव व कुछ पुलिसकर्मी गजेंद्र से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। गजेंद्र की पत्नी रूबी, बेटी अनन्या (12) और अभि (05) भी नजर आ रहा है। गजेंद्र पुलिस को मिल के अफसरों की प्रताड़ना के बारे में बताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाते दिख रहे हैं।
इंस्पेक्टर से उनकी नोकझोंक भी हुई। वीडियो गत 18 से 22 अक्तूबर के बीच का बताया जा रहा है। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। हालांकि जानकारी मिली है कि गजेंद्र की पत्नी रूबी ने पुलिस को तहरीर दी थी। दोनों पक्षों को थाने बुलाने के बजाय पुलिस गजेंद्र व उसके परिजनों को लेकर मिल गई थी, जहां का ये वीडियो बताया जा रहा है।
रूबी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना कराने के बजाय गजेंद्र को मिल में ले जाकर समझौता कराने को लेकर मोतीगंज इंस्पेक्टर अनीता यादव पर लीपापोती का आरोप लग रहा है। इंस्पेक्टर अनीता यादव ने बताया कि पुलिस ने गजेंद्र का मिल के अधिकारियों से समझौता करा दिया था। मामले की जांच की जा रही है।