आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों की ही तरह शहरी इलाकों में गरीबी रेखा के नीचे रह रहे लोगों को पावर कारपोरेशन मुफ्त में बिजली कनेक्शन देने की योजना लागू कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक इसके लिए कॉर्पोरेशन के अधिकारी हर जिलों से इसकी सारी डिटेल मंगाकर इसकी कार्ययोजना तैयार कर चुके हैं।
जिसे आने वाले दिनों में शहरी बीपीएल कार्ड धारकों की सहूलियत के लिए लागू भी किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो इससे मंडल के चार जिलों में करीब 50 हजार के करीब शहरी बीपीएल परिवारों को फायदा होगा। हालांकि इस बारे में कारपोरेशन का कोई अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। लेकिन पावर कॉर्पोरेशन के निदेशक प्रबंधक सुधीर कुमार वर्मा की माने तो वह इस ईश्यू पर काम कर रहे हैं।
बता दें कि वर्ष 2005 में लागू हुई आरजीजीवी (राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण) योजना के दौरान ग्रामीण इलाकों में गरीबी रेखा के नीचे रह रहे लोगों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन दिए जाने की योजना लागू की गई थी। जिसके बाद से ग्रामीण इलाकों में बीपीएल परिवारों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन दिए जाने की परम्परा चली आ रही है। जिसका विस्तार करते हुए अब यही योजना शहर में भी लागू किए जाने की तैयारी पावर कॉर्पोरेशन कर रहा है।
ताकि शहरी बीपीएल परिवार भी मुफ्त में बिजली कनेक्शन का लाभ उठा सकें। आरजीजीवीवाई की ही तरह दो साल पहले केन्द्र सरकार की लागू की गई डीडीयूजी (दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति)योजना में भी मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए जाने का जिक्र है।
ऐसे मे हर घर तक बिजली पहुंचाने के लिए आने वाले दिनों में सरकार आरजीजीवीवाई फार्मूले को शहरी बीपीएल परिवारों पर भी लागू कर सकती है। ताकि बिना कनेक्शन का कोई पैसा दिए शहर में रह रहे लोग बिजली कनेक्शन लेकर इसका उपयोग कर सकें।
सूत्रों की मानें तो इस दिशा में पावर कारपोरेशन का तकनीकी विभाग अपनी योजना को अमली जामा पहनाने में भी जुटा हुआ है। जिसके तहत हर जिले से इसकी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पावर कारपोरेशन के निदेशक तकनीकी सुधीर कुमार वर्मा की माने तो ग्रामीण इलाकों में रह रहे बीपीएल परिवारों को जिस तरह मुफ्त में बिजली के कनेक्शन दिए जा रहे हैं। ठीक उसी तरह शहर में भी बीपीएल परिवारों को मुफ्त में बिजली कनेक्शन मिले, इसके लिए वह इसकी कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। वहीं जिले के अधिकारी फिलहाल इस बारे में अभी कुछ बोलने से बच रहे हैं।