यूपी में एक व्यापारी को एसयूवी सवारों ने कुचलकर मार डाला। हादसे के बाद वह सड़क पर मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिली। पुलिस ने प्रारंभिक रूप से अनभिज्ञता जताई।
गोंडा में नगर कोतवाली के रानीजोत निवासी व्यापारी नितिन मिश्र (27) और उसके दोस्त अरुण मिश्र निवासी खैरी को बुधवार की देर रात अग्रसेन चौराहे से रेलवे स्टेशन मोड़ के पास एसयूवी सवारों ने कुचल डाला। जिससे दोनों मरणासन्न हो गए।
विज्ञापन
दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां से लखनऊ ले जाते समय नितिन की रास्ते में मौत हो गई। वहीं अरुण की हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नितिन के पिता ने नगर कोतवाली में एसयूवी सवार युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
Trending Videos
गोंडा रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था
पिता शंकर दयाल मिश्र ने बताया कि उनके बड़ा बेटा नितिन घर पर मिनिरल वाटर का प्लांट संचालित कर रहा है। पानी की मार्केटिंग करता था। बुधवार की रात अपने साथी अरुण मिश्र के साथ एक व्यक्ति को पंजाब जाने के लिए गोंडा रेलवे स्टेशन छोड़ने बाइक से गया था।
वहां से बाहर निकलते समय सफेद रंग की एसयूवी सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी से आक्रोशित युवकों ने बेटे और उसके दोस्त को एसयूवी से कुचल डाला। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग दौड़े तो एसयूवी सवार भाग निकले।
पिता का कहना है कि पुरानी रंजिश में साजिश के तहत बेटे के हत्या की गई है।सीओ सिटी आनंद कुमार राय का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच कराई जा रही है, जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बेटे के मौत की खबर पहुंची तो मचा कोहराम
शंकर दयाल के परिवार में पत्नी सुमन मिश्रा, दो बेटियां व दो बेटे नितिन और अयान हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। अयान मध्य प्रदेश के इंदौर की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। बेटे के मौत की खबर घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। पिता, बहनों के साथ ही मां सुमन का रो रोकर हाल बेहाल है।
वारदात के 18 घंटे बाद भी अरुण बेहोशी की हालत में है, उसका इलाज चल रहा है। वारदात में शामिल युवक कौन और कहां के थे, इसके बारे में सिर्फ उसे ही जानकारी है। पुलिस ने आस पास के लोगों ने पूछताछ की, लेकिन सभी ने बताया कि चीख पुकार सुनकर जब वह लोग पहुंचे तो एसयूवी सवार भाग गए थे।
इसलिए न तो यह पता चल कि कौन है और न एसयूवी का नंबर ही पता चल सका। पुलिस नितिन और अरुण के नंबरों का सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकालेगी। जिससे जरिए आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता तलाशेगी।