रूपईडीह (गोंडा)। गोंडा-बहराइच मार्ग पर सिसईमाफी गांव के पास बुधवार की आधी रात घने कोहरे के चलते सड़क हादसे में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता की मौत हो गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय अवर अभियंता अपने घर से बालेरो से साथियों संग बहराइच से गोंडा आ रहे थे। हादसे में बोलेेरो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बहराइच जनपद के मूर्तिहा थाना क्षेत्र के गौरा पिपरा गांव निवासी देवदास (44) पुत्र विदेशी सिंचाई विभाग के सरयू ड्रेनेज खंड तीन में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। वह बुधवार की रात तकरीबन एक बजे चालक अशोक कुमार पुत्र स्वामी प्रसाद व अनिल कुमार पुत्र बैजनाथ निवासी पथवलिया कोतवाली देहात के साथ बोलेरो जीप से गोंडा आ रहे थे।
गोंडा-बहराइच मार्ग पर सिसई माफी गांव के पास पीछे से एक अज्ञात वाहन ने बोलेरो में ठोकर मार दी। जिससे अवर अभियंता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अशोक कुमार व अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। चौकी प्रभारी आर्यनगर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।