परसपुर के गोपी पुरवा पूरे अंगद गांव में राजन व सुनील की हादसे में मौत पर रोते-बिलखते परिजन। - स
शाहपुर (गोंडा)। एक ही दिन जन्मे परसपुर के गोपी पुरवा पूरे अंगद निवासी राजन (22) और सुनील (22) की शनिवार रात हादसे ने एक साथ ही जिंदगी छीन ली। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे के साथ ही जिगरी दोस्त थे। शनिवार को कार खरीदने के लिए दोनों बाराबंकी गए थे। मगर दोनों की अर्थी लौटी तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।
परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे लौटते समय गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बाराबंकी में अंचल-चंचल ढाबे के पास बाइक सवार राजन व सुनील अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने देखते ही राजन को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुनील की बाराबंकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बाराबंकी के रामनगर इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि किसी प्राइवेट बस की बाइक में टक्कर से हादसा हुआ है। पोस्टमार्टम कराकर दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। बस चालक का पता लगाया जा रहा है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।