गर्मी व उमस से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली जब सोमवार को बरसात हुई। इस बारिश से जहां सूख रही फसलों को नया जीवन मिला है, वहीं शहर में सड़कें लबालब हो जाने से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी।
काफी दिनों से बारिश न होने के चलते उमस व गर्मी से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं। साथ ही खेतों में लगी धान सहित अन्य फसल सूख रहे थे। किसान फसलों की सिंचाई कर परेशान थे। रविवार को उठे बादलों ने हल्की बूंदाबांदी की लेकिन उससे किसी को राहत नहीं मिली। सोमवार को फिर बादल आए, इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई और फिर झमाझम बारिश हुई जिससे शहर की सड़कें लबालब हो गईं।
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज तिराहे के अलावा कई चौराहों पर जलभराव हो गया। जलभराव व गड्ढे वाली सड़कों पर लोगों के कपडे़ खराब हो गए। उधर बरसात से खेतों में सूख रही फसलों को जीवनदान मिल गया, वह लहालहा उठीं। इसके साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली।