सड़क हादसे में मजदूर समेत दो की मौत
झंझरी (गोंडा)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक मजदूर समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र की दसियापुर ग्रामसभा के पास एक 45 वर्षीय मजदूर की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली देहात के चिश्तीपुर गांव निवासी सोना देवी ने कोतवाली देहात में तहरीर दी है।
कहा कि उसका पति रामदीन विश्कर्मा रविवार को साइकिल से मजदूरी करने दसियापुर गया था। देरशाम को काम खत्म करके वहीं एक मंदिर पर चला गया। मंदिर की साफ-सफाई करने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। अज्ञात वाहन के खिलाफ में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।
उधर, नगर कोतवाली क्षेत्र के छेदीपुरवा गांव निवासी दीपक वर्मा रविवार की देर रात घर से चौराहे पर गया था। वापस घर आने के लिए सड़क पार कर रहा था कि तभी एक कार की टक्कर लगने से वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। (संवाद)