गोंडा में धानेपुर के ग्राम ख्वाजाजोत के मजरा हनुमंता में बिजली गिरने से दो बुजुर्गों की मौत के बा
- फोटो : GONDA
मुजेहना (गोंडा)। सोमवार की शाम को गरज चमक के साथ छींटे पड़ने के साथ ही बिजली गिरने से थाना धानेपुर के ग्राम ख्वाजा जोत के मजरा हनुमंता भारी में दो बुजुर्गों की मौत हो गयी। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
क्षेत्र के ग्राम ख्वाजा जोत के मजरा हनुमंताभारी के दो वृद्ध दातादीन (58) और परमात्मा प्रसाद (55) सोमवार की शाम गांव के बाहर गाय चरा रहे थे। इसी बीच आसमान में गड़गड़ाहट और तेज चमक के साथ बिजली गिरी। जिसकी चपेट में आकर दोनों बुजुर्गों की मौत हो गयी।
उसी समय थोड़ी ही दूर पर ख्वाजा जोत के ही मजरा जिगरिया के दद्दू तिवारी (45) भी गाय चरा रहे थे। वे भी बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पाकर परिवारीजन उन्हें एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया है। जिला अस्पताल में युवक को भर्ती कराया गया है। वहीं बिजली की चपेट में आने से दो बुजुर्गों के मौत से ख्वाजा जोत गांव में कोहराम मच गया है। जिलाधिकारी डॉ. नितिन बसंल ने मामले की पूरी रिपोर्ट एसडीएम सदर से मांगी है। उन्होंने कहा कि जानकारी की जा रही है और आर्थिक मदद दी जाएगी।