अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में शुक्रवार को दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि दूसरे बच्चे का परिवार के लोगों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के बलरामपुर रोड पर स्थित भवानीपुर खुर्द गांव के रहने वाले शत्रुघभन वर्मा का बेटा विजय (4) शुक्रवार को साढ़े तीन बजे अपने घर के सामने सड़क किनारे खेल रहा था।
तभी सामने से आ रही टैक्सी ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, वजीरगंज थाना क्षेत्र के बंधवा चौराहे के समीप का रहने वाला देवी प्रसाद यादव शुक्रवार की शाम अपने बेटे मुन्ना (6) को ट्रैक्टर पर बिठाकर मिट्टी गिराने ईंट-भट्ठे पर जा रहा था।
जब वह बंधवा चौराहे से कुछ दूरी पर पहुंचा, तभी उसका बेटा ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवारीजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।