गोंडा में नवोन्मेषक स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2015 का आयोजन इस बार फिर किया जा रहा है। पूरे देश में होने वाली इस परीक्षा में लाखों विद्यार्थी शामिल होंगे। 22 नवंबर को देवीपाटन मंडल मुख्यालय गोंडा में यह परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
नगर के बहराइच रोड स्थित गोंडा सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज व लखनऊ रोड पर मंडेनाला के बगल स्थित रोजवुड इंटर कॉलेज में यह परीक्षा होगी।
बहराइच रोड स्थित गोंडा सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एसपी पाठक ने बताया कि 22 नवंबर को होने वाली इस बड़ी परीक्षा की शुचिता बनाए रखना तथा समुचित ढंग से संचालित करना विद्यालय परिवार की जिम्मेदारी है। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
इस परीक्षा में उनके सेंटर पर 454 बच्चे भाग लेंगे। इसके लिए विद्यालय के शिक्षक सहित पूरा स्टाफ तैयारी में लग गया है। शनिवार को परीक्षा के लिए शिक्षकों की बैठक कर सीट प्लानिंग कर ली जाएगी।
स्व. अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दूसरी बार आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को बेहतर मौका अमर उजाला ने दिया है।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से यह छात्र हित की सबसे बड़ी पहल है। यह बातें रोडवुड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित पांडेय व प्रधानाचार्य सोनिया कंचन ने कहीं।
अमित पांडेय नेकहा कि परीक्षा आयोजन के लिए शनिवार को शिक्षकों की बैठक बुलाई गई है। शनिवार को ही सीट की प्लानिंग कर दी जाएगी।
इस परीक्षा में कक्षा नौ से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। इस परीक्षा में 400 परीक्षार्थी शामिल होंगे।