गोंडा। बाल और किशोर श्रम मुक्त अभियान के तहत मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति और बाल विवाह के विरुद्ध सोमवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। एएचटीयू टीम ने देहात कोतवाली, वजीरगंज और नबाबगंज इलाके में श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन और अपराजिता सामाजिक समिति के साथ मिलकर होटल, ढाबों व दुकानों पर चेकिंग की। इस दौरान दो दुकानों पर दो बालक काम करते पाए गए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप ने दोनों को मुक्त कराकर दुकानदारों को नोटिस जारी किया है।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति उन्मूलन और बाल श्रम की रोकथाम के प्रति जागरूक करना है। बचपन बचाओ, शिक्षा दिलाओ-पढ़ेगा भारत तभी बढ़ेगा भारत जैसे संदेशों का प्रसार किया गया। लोगों को 1090, 112, 181, 1076, 1098, 108 और 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
एएचटीयू प्रभारी लालबिहारी ने बच्चों को स्कूल भेजने व बाल श्रम की सूचना चाइल्ड लाइन 1098 या 112 पर देने की अपील की। इस दौरान उपनिरीक्षक गऊचरन, चाइल्ड हेल्पलाइन के मुकेश भरद्वाज, आत्रेय त्रिपाठी मौजूद रहे। (संवाद)