गोंडा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पकड़ लाए गए समाज कल्याण मंत्री के पीआरओ को धमकी देने के आरोपी
- फोटो : GONDA
गोंडा। पुलिस ने प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री के जनसंपर्क अधिकारी वेद प्रकाश दूबे से धमकाकर एक करोड़ मांगने के दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस को दो मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस दोनो आरोपियों के अदालत के समक्ष पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आरके नय्यर ने बताया कि प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री के जनसंपर्क अधिकारी वेद प्रकाश दूबे के मोबाइल फोन पर 26 अगस्त की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक मेसेज भेजा। जिसमें उनसे एक करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। 05 सितंबर को जनसंपर्क अधिकारी दूबे ने थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए नवाबगंज पुलिस के साथ ही सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। टीम ने बुधवार को नवाबगंज के टेढ़ी पुलिया के पास के रहने वाले लवकुश यादव व तुलसीनगर बख्सीरिया टोला अयोध्या के रहने वाले मनीष कुमार मौर्या को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में लवकुश यादव ने बताया कि उसने अपने एक विरोधी रामभरत महाराजगंज को फंसाने के लिए अयोध्या के नएघाट के समीप दुकान करने वाले मनीष कुमार मौर्या के मौर्या मोबाइल सेेंटर से सिम लिया और उसी सिम को मोबाइल में लगाकर समाज कल्याण मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी को मेसेज भेजकर एक करोड़ रुपये की मांग करते हुए न देने पर धमकी दी थी। एसपी ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया गया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।