गोंडा। शहर के महराजगंज मोहल्ले में मंगलवार की दोपहर पांच युवकों की कूएं में डूबने से मौत हुई थी। पांच युवकों की मौत के कारणों पर लोग कई तरह के कयास लगा रहे थे। मगर बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सभी कयासों पर विराम लग गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांचों युवकों की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
शहर के महराजगंज मोहल्ले में स्थित एक कुएं में मंगलवार को एक बछड़ा गिर गया था। जिसे निकालने के लिए एक-एक कर पांच युवा कुएं में उतरे थे, लेकिन वे डूबने लगे तो शोर मचाया। तो लोग बचाने दौड़े। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर फायर बिग्रेड और नगर पालिका की टीमों को रेस्क्यू में लगाया गया। कुएं में डूबे विष्णू (28) पुत्र रमेश्वर, वैभव (25) पुत्र बहादुर, दिनेश उर्फ छोटू (32) पुत्र रामशंकर, रवि शंकर उर्फ रिंकू (42) पुत्र रामशंकर निवासी महराजगंज मोहल्ला व कोतवाली देहात के मन्नू सैनी (35) पुत्र सुखराज सैनी को बेेेहोशी की हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवकों क मौत पर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे थे। पांचों युवकों का देर रात पोस्टमार्टम कराया गया। मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सारे कयासों पर विराम लग गया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांचों युवकों के डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।