फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: अमेरिका में कारोबारी की हत्या से गम और गुस्से में तुलसीपुर माझा गांव

Thu, 21 Nov 2024 11:34 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
डॉ. श्रीराम सिंह की फाइल फोटो। - फोटो : जिला अस्पताल में मरीज देखते डॉक्टर।
विज्ञापन
गोंडा। अमेरिका में गोंडा मूल के कारोबारी डाॅ. श्रीराम सिंह की हत्या से तुलसीपुर माझा गांव में हर कोई गम और गुस्से में दिख रहा है। डाॅ. श्रीराम सिंह ने जिस तरह अमेरिका में क्षेत्र का नाम रोशन किया, हर किसी को उन पर गर्व है। अब हत्या होने से गांव के लोगों की आंखें नम हैं। अमेरिका की सरकार से हत्यारों को गिरफ्तार कर सजा दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन

नवाबगंज के तुलसीपुर माझा के डॉ. श्रीराम सिंह की अमेरिका में हत्या की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को पूरे गांव सहित क्षेत्र के लोगों का उनके घर आना लगा रहा। घर में मौजूद मंझले भाई शिवाजी सिंह से लोग घटना की जानकारी लेते रहे। घटना से परिजनों सहित पूरा गांव गमगीन है। लोगों की जुबान पर इस घटना को लेकर एक तरफ जहां संवेदना है तो वहीं अब तक किसी आरोपी के नहीं पकड़े जाने पर नाराजगी भी है।
वर्ष 1990 में उच्च शिक्षा के लिए तुलसीपुर माझा से अमेरिका गए श्रीराम सिंह पीएचडी करने के बाद अटलांटा कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर पद पर नियुक्त हुए तो गांव में जश्न मनाया गया था। हर कोई गांव के युवाओं को उनका उदाहरण देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता था। तुलसीपुर माझा के लालजी सिंह कहते हैं कि डॉ. श्रीराम सिंह गांव के ही नहीं पूरे जिले की शान थे। उनकी हत्या एक जघन्य अपराध है, भारत सरकार दखल देकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराए।
विज्ञापन

वहीं, तहसीलदार रंजन कुमार वर्मा बृहस्पतिवार को तुलसीपुर माझा में डॉ. श्रीराम सिंह के घर पहुंचे और परिजनों से पूरी जानकारी लेकर डीएम को रिपोर्ट दी है।
डॉ. रामजी सिंह की हत्या से बुजुर्ग पिता जमुना सिंह सदमे में हैं। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बेटे का अंतिम दर्शन भी उन्हें नसीब नहीं हो सका। वहीं, मंझले भाई शिवाजी व छोटे भाई जयप्रकाश सिंह सहित पूरा परिवार आहत है। शिवाजी कहते हैं कि फरवरी 2025 में भैया अमेरिका से गांव आने वाले थे, लेकिन अचानक इस घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहती तो आकस्मिक वीजा देकर परिवार के सदस्यों को अमेरिका भेज सकती थी। मगर सरकार ने अब तक कोई संपर्क ही नहीं किया। शिवाजी व जयप्रकाश को भाई का अंतिम दर्शन न कर पाने का मलाल है। बताया कि बृहस्पतिवार शाम को अमेरिका में अंतिम संस्कार हो गया।
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि अमेरिका में गोंडा के मूल निवासी डॉ. श्रीराम सिंह की हत्या की सूचना दुखद है। देर रात जानकारी मिलने पर तरबगंज के तहसीलदार को तुलसीपुर माझा स्थित उनके पैतृक निवास पर परिजनों से मिलने भेजा था। उन्हें आश्वस्त किया गया है कि जिला प्रशासन से हर संभव मदद की जाएगी। उत्तर प्रदेश शासन के माध्यम से केंद्रीय गृह व विदेश मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी। अमेरिका में मृतक के परिजनों को सुरक्षा दिलाने की कवायद की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें