जिले में सोमवार को दोपहर अचानक आई आंधी व पानी में कई पेड़ धराशायी हो गए। इस दौरान कई दुकानों के टिनशेड व छप्पर उड़ गए। आंधी में पेड़ गिरने के चलते गैसड़ी कोतवाली के पास नेशनल हाइवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। व
हीं, तेज बारिश के चलते लोगों को उमस भरी भीषण गर्मी से राहत मिली। बरसात होने से किसानों के चेहरे खिल गए तथा खरीफ की फसल की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। सोमवार को दोपहर में आई तेज आंधी ने गैसड़ी क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। आंधी के साथ-साथ जोरदार बारिश भी हुई।
गैसड़ी बाजार में आंधी के चलते आजाद की दुकान के सामने लगा टिन शेड उड़कर दूर जा गिरा। दुल्हिनडीह गांव में आंधी के चलते सड़क के किनारे बने मुस्लिम का फूस का घर तहस-नहस हो गया। आंधी के चलते आम की फसल को भी भारी नुकसान हुआ।
यही नहीं गैसड़ी कोतवाली के निकट नेशनल हाइवे बौद्ध परिपथ पर आंधी के चलते पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरने से हाइवे पर वाहनों का आवागमन बंद हो गया। करीब दो घंटे बाद लोगों ने पेड़ को काटकर हटाया, तब जाकर हाइवे पर आवागमन सामान्य हुआ।
शाम तक मुख्यालय समेत पूरे जिले में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को दिक्कतें हुईं। वहीं, बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल गए है।
किसान राम तीरथ, शिव कुमार, मुस्लिम, राम कुमार व शिव सिंह ने बताया कि बारिश के चलते गन्ने की फसल को काफी फायदा हुआ तथा धान के खेतों की तैयारी में भी काफी मदद मिल रही है।