धानेपुर में पेड़ों की छंटाई करते विद्युत कर्मी। स्रोत: विभाग
कटरा बाजार/धानेपुर। ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर पांच एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को अघोषित कटौती से राहत नहीं मिली है। सात सितंबर को विधायक बावन सिंह और सीडीओ दयानंद प्रसाद ने ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया था। इसके बाद रंजीतपुर और देवापसिया फीडर की कटौती बंद हुई, लेकिन रामापुर, परसियारानी समेत कई गांवों में रात में दो-दो घंटे बिजली गुल रही।
क्षेत्र के पप्पू पांडेय, पिंटू तिवारी, देवस्वरुप, अमन, उत्तम सिंह का कहना है कि इससे समस्या हो रही है। जेई सुशील कुमार ने बताया कि गर्मी में मांग बढ़ने से समस्या बनी हुई है। क्षेत्र को करीब 10 एमवीए क्षमता की जरूरत है, जबकि पांच एमवीए ट्रांसफार्मर ही उपलब्ध हुआ है। ऐसे में दो फीडरों पर कटौती करनी पड़ रही है।
उधर, मेहनौन उपकेंद्र की बिजली शुक्रवार रात दो बजे बाधित हुई और शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बहाल हुई। उपभोक्ता राजेश प्रताप मिश्र के अनुसार करीब 10 घंटे आपूर्ति ठप रही। धानेपुर में शनिवार सुबह 11 बजे बाधित आपूर्ति शाम चार बजे तक बहाल नहीं हो सकी। मेहनौन के जेई अवनीश पांडेय ने हाईटेंशन लाइन में खराबी और धानेपुर के एसडीओ शेषमणि त्रिपाठी ने लाइन के ऊपर पेड़ों की टहनियों की छंटाई को कटौती का कारण बताया।