इटियाथोक के छोटी जमुनहीं गांव में गिरा बिजली का खंभा। -संवाद
दुबहा बाजार/इटियाथोक/मसकनवा। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर फुंकने, बिजली का खंभा गिरने और तकनीकी फाॅल्ट के कारण शनिवार को कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में दिनभर बिजली न मिलने से जनजीवन प्रभावित रहा।
कटरा बाजार क्षेत्र के दुबहा बाजार स्थित पूरे बदल के तिवारी पुरवा में नीरज तिवारी के घर के पास लगा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक धू-धूकर जल उठा। ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब 20 घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। अमरेश तिवारी ने बताया कि अश्वनी, अंजनी, अखिलेश, विश्वनाथ, रविंद्र सहित कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अवर अभियंता आदर्श ओझा ने बताया कि सूचना मिल गई है। जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
इधर, इटियाथोक उपकेंद्र के बलरामपुर फीडर से जुड़े छोटी जमुनही गांव में बारिश के दौरान एलटी लाइन का खंभा गिरने और तार टूटने के तीसरे दिन भी बिजली नहीं आ सकी। ग्रामीण मंशाराम मिश्र ने बताया कि करीब 20 घरों के लोगों को समस्या हो रही है। कलेना गांव में लोकल फाॅल्ट के चलते करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बलरामपुर फीडर के उपभोक्ता आरिफ ने बताया कि अधिकांश गांवों में रातभर सिंगल फेज की समस्या बनी रही, जिससे लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल सकी।
उधर, मसकनवा क्षेत्र के बगदर फीडर अंतर्गत महमूदपुर गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर दो दिन से खराब है। इससे 60 घरों की बिजली आपूर्ति बंद है। ग्रामीण अशोक पांडेय, रामकुमार पांडेय, विनय पांडेय, पंकज, राजेश, गजेंद्र और लवकुश ने बताया कि उमस भरी गर्मी में बिजली न होने से रात गुजारना मुश्किल हो गया है। एसडीओ अंशुल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।