गोंडा। बारिश और तेज हवा के कारण गोंडा-नेपालगंज रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। शनिवार को बहराइच से गंगाधाम के बीच सात स्थानों पर रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर गए। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इस रेलखंड की सभी ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। इससे गोंडा, बनगाई, पयागपुर, चिलवरिया, बहराइच, नानपारा और नेपालगंज आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने रविवार को बताया कि परिचालनिक कारणों से 28 सितंबर को नेपालगंज रोड से चलने वाली 14214 नेपालगंज रोड-वाराणसी जंक्शन एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। स्टेशन अधीक्षक राय सिंह मीणा ने बताया कि गोंडा-बहराइच और नेपालगंज रेलखंड की सभी ट्रेनों का संचालन बंद है। ट्रैक से पेड़ हटाने का काम चल रहा है। देर रात तक रेल ट्रैक दुरुस्त कर दिया जाएगा। (संवाद)
शकूरबस्ती-दरभंगा स्पेशल ट्रेन का गोंडा में होगा ठहराव
गोंडा। त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे ने गोंडा के रास्ते शकूरबस्ती-दरभंगा के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04098 शकूरबस्ती-दरभंगा त्योहार विशेष ट्रेन एक अक्तूबर से 29 नवंबर तक सप्ताह में छह दिन चलेगी। मंगलवार को इसका संचालन नहीं होगा। ट्रेन गोंडा स्टेशन पर रात 11:55 बजे पहुंचेगी और 12:05 बजे रवाना होगी।
पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यह ट्रेन शकूरबस्ती से सुबह 09:20 बजे चलकर नई दिल्ली, गाजियाबाद, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बाराबंकी और बुढ़वल होते हुए रात 11:55 बजे गोंडा पहुंचेगी। यहां 10 मिनट ठहराव के बाद बस्ती की ओर रवाना होगी। अगले दिन सुबह 02:50 बजे गोरखपुर होते हुए दरभंगा 11:45 बजे पहुंचेगी।
वापसी में 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती त्योहार विशेष ट्रेन दो अक्तूबर से 30 नवंबर तक सप्ताह में छह दिन चलेगी। बुधवार को इसका संचालन नहीं होगा। ट्रेन गोंडा में अगले दिन रात 12:50 बजे पहुंचेगी और 01:00 बजे रवाना होगी। दरभंगा से दोपहर दो बजे चलकर यह ट्रेन सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर और गोंडा होते हुए शकूरबस्ती पहुंचेगी। ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के छह, शयनयान के पांच और सामान्य द्वितीय श्रेणी के पांच कोच समेत कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन के 52 फेरे निर्धारित किए गए हैं। (संवाद)