मसकनवा/गोंडा। अत्यधिक गर्मी व धूप के तेजी के कारण आए दिन यात्री ट्रेनों के इंजन फेल हो रहे हैं। बुधवार को छपरा से मथुरा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन मसकनवा स्टेशन पर फेल हो जाने से यात्री परेशान हो उठे। करीब डेढ़ घंटे के बाद दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
गर्मी व धूप का प्रकोप बढ़ने से आए दिन यात्री ट्रेनों का इंजन (लोको) फेल हो रहा है। यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। कई यात्री ट्रेन के इंजन ऐसे स्टेशन में फेल हो जाते हैं, जहां पीने की पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं होती। यात्रियों को तपिश व गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार को छपरा से मथुरा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन तकनीकी खराबी आने के कारण फेल हो गया। स्टेशन अधीक्षक ने कंट्रोल रूम को मैसेज किया। जिसके करीब डेढ़ घंटे के बाद दूसरा इंजन पहुंचा। ट्रेन में दूसरा इंजन लगाकर आगे के लिए रवाना किया गया। यात्रियों को अत्यधिक गर्मी और उमस से काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष कुमार का कहना है कि तेज धूप के कारण ट्रेन के इंजन में लगे इलेक्ट्रॉनिक सर्किट खराब हो जाते हैं। जिससे इंजन फेल हो रहे हैं। कहा कि छपरा मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन मसकनवा में फेल होने के करीब डेढ़ घंटे के बाद दूसरा इंजन लगाकर आगे के लिए रवाना कर दिया गया है।