गोंडा रेलवे स्टेशन पर खड़े यात्री। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। दीपावली व डाला छठ त्योहार पर अपने घर ट्रेन से पहुंचने के लिए यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। महानगरों व अन्य जगह से आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधाओं के मद्देनजर कई जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाई हैं।
सोमवार को दीपावली और इसके बाद 28 अक्टूबर से डाला छठ त्योहार होगा। इन त्योहारों को मनाने के लिए दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद , चंडीगढ़, हरियाणा, लुधियाना, अमृतसर, कोचीन व राजस्थान में रह रहे लोग वापस अपने घर आ रहे हैं। मगर ट्रेनों में सीटें फुल होने से सफर उनके लिए मुसीबत भरा हो गया है। यात्री ट्रेनों के शौचालय, दो डिब्बों के जोड़ के स्थान व गेट के पास बैठकर यात्रा करने के लिए मजबूर हैं।
बता दें कि बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों लोग महानगरों व अन्य प्रदेश में रहकर नौकरी व मजदूरी कर रहे हैं। दूसरे जगहों से आने वाले लोगों का कहना है कि गोंडा आने वाली ट्रेनों में वेटिंग टिकट नहीं मिल पा रहा है। कई ट्रेनों में स्लीपर कोच के यात्री वातानुकूलित कोचों में यात्रा करते हुए दिखायी दे रहे हैं। आरक्षित टिकट न मिलने से काफी लोग जनरल टिकट लेकर इन आरक्षित कोच में घुस जाते हैं।
ट्रेन के साथ बढ़ाए गए कोच
त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों को विशेष सुविधा व सुरक्षा देने के लिए रेलवे गंभीर है। कई जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने के साथ ही नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर मेरी सहेली (आरपीएफ की महिला आरक्षी) की 11 टीम लगाई गई है। महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, एनई रेलवे लखनऊ मंडल