गोंडा में नवाबगंज के ढेमवाघाट मार्ग पर शुरू हुआ वाहनों का आवागमन।
नवाबगंज (गोंडा)। नवाबगंज से सोहावल जाने वाले ढेमवा मार्ग पर तीन माह बाद फिर से आवागमन शुरू हो गया है। बाढ़ का पानी सूखने से दो पहिया सहित चार पहिया वाहन भी फर्राटा भरने लगे हैं।
बड़े व मालवाहक वाहनों का प्रतिबंध तो पिछले वर्ष से ही इस मार्ग पर लागू था, लेकिन इस वर्ष की बाढ़ के पूर्व सवारी गाड़ियों का आवागमन जारी था। 26 जुलाई से यह मार्ग बाढ़ के चलते बंद हो गया था। वहीं, आठ अगस्त को इस मार्ग पर नाव और स्टीमर का संचालन भी बंद कर दिया गया था। चोरी-छिपे नाव चलाने के मामले बीच-बीच में प्रकाश में आते रहे। जिसको लेकर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई भी की। इधर, मार्ग से बाढ़ का पानी पूर्णतया सूख जाने से लोगों का आवागमन तेजी से शुरू हो गया है। बाइक, कार, ई रिक्शा सहित अन्य तरह के वाहन चलने लगे हैं। लेकिन मार्ग खतरों से खाली नहीं है।
दत्तनगर गांव के बीच से होकर गुजरने वाली प्रधानमंत्री सड़क कई जगह कट गई है। दिन की यात्रा तो कुछ गनीमत वाली है लेकिन रात्रि में अब भी यह मार्ग अनजान व्यक्ति के लिए खतरों से भरा है। पिछले वर्ष के बाद इस वर्ष भी मुख्य मार्ग का काफी हिस्सा कटकर पानी में समा गया।
वहीं, मार्ग के दाहिनी तरफ अब भी पानी भरा हुआ है और सड़क में दरारें साफ दिख रही हैं। फिलहाल आवागमन से हजारों लोगों को राहत मिली है। छात्र, शिक्षक, चिकित्सक, व्यापारी, किसान, मजदूरी पेशा वाले लोग जो 3 महीने से मार्ग पर आवागमन प्रतिबंध से परेशान थे उनको अब राहत मिल गई है। हालांकि, प्रशासन ने संचालन की कोई पुष्टि अभी नहीं की है। मार्गों पर रोक के लिए लगाए गए बोल्डर अभी भी नहीं हटाए गए हैं।