रौजा-टिकरी रोड पर रसूलपुर मोड़ के पास कार की ठोकर से पलटा ट्रैक्टर। - संवाद
वजीरगंज। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वजीरगंज में रौजा-टिकरी मार्ग के रसूलपुर मोड़ पर सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार से टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र के चड़ौवा खास निवासी सुरेंद्र बहादुर सिंह (37) सोमवार रात बजाज चीनी मिल कुंदुरखी में गन्ना तौलाकर ट्रैक्टर-ट्राॅली से घर लौट रहे थे। उनके भाई भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रसूलपुर मोड़ पर टिकरी की तरफ से आ रही कार से ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर लग गई। इससे ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया व उसके नीचे दबने से सुरेंद्र बहादुर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुरेंद्र को ट्रैक्टर के नीचे से निकलवाया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
भूपेंद्र ने कार चालक ब्रजेश निवासी ग्राम वजीरगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सुरेंद्र के परिवार में पत्नी शालिनी सिंह (35), पुत्री सौम्या (10) व पुत्र प्रतीक (07) हैं। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।