गोंडा। जिले के 13 राजकीय विद्यालयों के 140 छात्र-छात्राएं बुधवार को कॅरिअर की संभावनाओं से रूबरू होंगे। जीजीआईसी गोंडा में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कॅरिअर मार्गदर्शन मेले में विद्यार्थी विभिन्न विषयों की जानकारी के लिए स्टॉल लगाएंगे। मेले में शिक्षा, संस्कृति, कला, कानून, चिकित्सा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और रोजगारपरक विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कॅरिअर विकल्पों, आवश्यक योग्यता, भविष्य की संभावनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी जाएगी। जीआईसी के प्रवक्ता ऋषि शुक्ल ने बताया कि कॅरिअर मेला विद्यार्थियों को तेजी से बदलती प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया के अनुरूप सही दिशा चुनने में मदद करेगा। इस दौरान छात्रों के लिए इंटरएक्टिव सेशन भी आयोजित होंगे, जिसमें वे विशेषज्ञों से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। (संवाद)