मनकापुर। गन्ना लेकर दतौली चीनी मिल जा रहे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य का ट्रैक्टर बुधवार रात अंधियारी बाजार के पास पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से उनकी मौत हो गई।
मोतीगंज के ग्राम वीरेपुर निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रक्षाराम वर्मा (54) बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्राॅली से गन्ना लेकर दतौली चीनी मिल जा रहे थे। मनकापुर-रेहरा मार्ग पर सीडीएस स्कूल अंधियारी बाजार के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। रक्षाराम ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत से उनको ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को बेटे अनिल कुमार वर्मा ने अयोध्या धाम में सरयू नदी के तट पर उन्हें मुखाग्नि दी।
बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी
रक्षाराम वर्मा के पास सात बीघा कृषि भूमि है। वह अपने पीछे पत्नी सुनीता (51), पांच बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। बेटी संगीता (32) व विद्यावती (30) शादीशुदा हैं। पुत्र अनिल कुमार वर्मा (27) एमएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। अन्य बेटियां रानीमती (23), ज्ञानमती (21) और ममता वर्मा (17) हैं। रक्षाराम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी रानीमती की शादी आगामी पांच मार्च को तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।