रुपईडीह (गोंडा)। कौड़िया थाना क्षेत्र में बेटी को जन्म देने पर एक विवाहिता को घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के नाऊपुरवा झौहना गांव निवासी विवाहिता शाहनाज बानो ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह चार साल पहले कटरा थाना क्षेत्र के धोबहाराय भुसैला गांव निवासी आशिक अली के पुत्र नानबाबू के साथ हुआ था।
निकाह के बाद बेटी को जन्म देने के बाद से ससुरालीजन उनसे नाराज हो गए और परेशान कर दहेज के नाम पर नकदी लाने का दबाव भी बनाने लगे। आरोप लगाया कि बीते छह दिसंबर 2023 की सुबह उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। थाना कौड़िया के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति नानबाबू, ससुर आशिक अली, ननद आफरीन व सास नूरजहां के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। (संवाद)