गोंडा। व्यापारी विनोद साहनी हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी बढ़ गई है। आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के मामलों में तीन और एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। पुलिस ने संबंधित पोस्ट भी हटवा दी हैं।
एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार निगरानी की जा रही है। साइबर थाने में सत्येंद्र कुमार तथा परसपुर थाने में अशोक और जितेंद्र के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने पर जांच व कार्रवाई की जा रही है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
भड़काऊ पोस्ट की शिकायत
करनैलगंज। सकरौरा ग्रामीण निवासी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने सीओ को शिकायती पत्र देकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि एक व्यक्ति फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर लगातार भड़काऊ पोस्ट प्रसारित कर रहा है। सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)