मुजेहना (गोंडा)। टाटा से मिलते-जुलते नामों से नकली नमक के पैकेट तैयार कर बेचने वाले तीन लोगों को धानेपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ छापा मारकर गिरफ्तार किया है। नमक के साथ ही खाली व भरे हुए पैकेट भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि कंपनी के एरिया मैनेजर की शिकायत पर छापा मारा गया था। सैंपल जांच के लिए भेजने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
धानेपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टाटा नमक के मार्केटिंग एरिया मैनेजर अमित कुमार झा की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। क्षेत्र के तीन लोग नकली टाटा नमक बनाकर बेच रहे थे। मामले में गौरथनीया मुजेहना निवासी चंद्रिका प्रसाद यादव के घर पर छापा मारा गया। वहां से टाटा नमक के 2405 खाली पैकेट, 50 किलो खुला नमक, 265 तैयार पैकेट बरामद हुए हैं। साथ ही वर्मा किराना स्टोर के मालिक पवन कसौंधन व वर्मा किराना स्टोर के मालिक बलराम वर्मा को नकली टाटा नमक बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना कर कार्रवाई की जा रही है।