झंझरी (गोंडा)। देहात कोतवाली क्षेत्र के खोरहंसा बाजार के अंसारी मोहल्ले के घर में घुसे चाेरों ने महिला की पिटाई कर नकदी व गहने पार कर दिए। पुलिस ने वारदात के बाद 20 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये गहने चोरी के आरोपों में केस दर्ज किया है।
देहात कोतवाली के खोरहंसा के अंसारी मोहल्ला निवासी नफीस जयपुर में दर्जी का काम करते हैं। बीते छह दिसंबर रात उनकी पत्नी सायदा अपने बेटे इब्राहिम और इस्तार के साथ घर में सो रहीं थीं। रात करीब दो बजे नकाबपोश चोरों उनके घर में घुस आए।
आहट से पीड़िता की नींद टूटी तो दोनों बेटों को जगाया। पीड़िता ने बताया कि हंसिए और डंडे समेत हथियारों से लैस चोरों ने चुप रहने की धमकी दी। इस दौरान पीड़िता अपने बेटों सहित सहम गई। सायदा के मुताबिक, चोर 20 हजार रुपये की नकदी, पायल, मांग का टीका, नाक की कील समेत अन्य गहने लेकर भागने लगे तो उसने चोरों का पैर पकड़कर विरोध जताया। चोरों के प्रहार से पीड़िता को चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चार अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बाहर से दरवाजा बंद कर भाग निकले चोर
पीड़िता ने बताया कि गहने व नकदी लेकर भाग रहे चोरों का पीड़िता ने पीछा किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जबतक वहां पहुंचते, तबतक बदमाश मौके से भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि भागते वक्त चोरों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था। आसपास लोगों के पहुंचने के बाद पीड़िता ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। मगर देहात कोतवाली पुलिस ने शनिवार देररात मामले में एफआईआर दर्ज किया है। साथ ही मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।