धानेपुर/बभनान (गोंडा)। बारिश के बीच रविवार को किसान सात घंटे तक खाद वितरण का इंतजार करते रहे। इसके बाद सहकारी समिति रेतवागाड़ा का ताला खुला। इसी तरह साधन सहकारी समिति बी पैक्स साबरपुर में सुबह पांच बजे से किसानों की लाइन लग गई। बारिश हुई, लेकिन खाद के लिए किसान डटे रहे। बाद में कुछ ही किसानों को खाद मिल सकी। बाकी किसान निराश लौट गए।
रविवार को तेज बारिश होने के बावजूद किसान खाद के लिए सुबह से ही सहकारी समिति रेतवागाड़ा पर डटे रहे। कोई समिति के छोटे से बरामदे में पानी से बचता नजर आया तो कोई पास बने मजार के बरामदे में। कुछ किसान इधर-उधर दुबके नजर आए, लेकिन दोपहर एक बजे तक समिति का ताला नहीं खुला। शनिवार को भी सैकड़ों किसान दिनभर लाइन में लगे रहे, लेकिन बिना खाद के ही लौटना पड़ा था। वितरण के लिए रविवार का समय दिया गया था। इसके चलते सुबह छह बजे से ही किसान समिति पर पहुंच गए थे। वृद्धा शांति देवी ने बताया कि वह सात बजे से खाद के लिए खड़ी हैं। मायावती ने बताया कि वह छह बजे से समिति खुलने का इंतजार कर रही हैं। कोनिया निवासी लल्लन, सोहराब अली, राघवराम सहित अन्य किसानों ने बताया कि दो दिन से खाद के लिए लाइन लगा रहे है, लेकिन निराश लौटना पड़ रहा है। सचिव दिवाकर तिवारी ने बताया कि बारिश के चलते समिति देर से खुली। दोपहर डेढ़ बजे पुलिस बल के सहयोग से वितरण शुरू कराया गया।
छपिया क्षेत्र की साधन सहकारी समिति बी पैक्स साबरपुर में बरसात के बावजूद भोर पांच बजे से ही खाद के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला किसान भी घर का कामकाज छोड़कर खाद लेने के लिए लाइन में लग गईं। समिति पर 10 बजे तक कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा। सचिव बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि भीड़ को देखते हुए वितरण के लिए फोर्स की मांग की गई थी। फोर्स मिलने में देरी के चलते खाद वितरण विलंब से शुरू हुआ। 50 किसानों को खाद वितरित की गई। बारिश तेज होने पर वितरण रोकना पड़ा। मौसम ठीक रहने पर खाद वितरण किया जाएगा।